Breaking
Fri. Aug 7th, 2026

श्रीनाथ शंखनाद 2026′ के साथ श्रीनाथ विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ

जमशेदपुर: श्रीनाथ विश्वविद्यालय के नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत गुरुवार को आयोजित भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘श्रीनाथ शंखनाद 2026’ के साथ हुई। एक्सएलआरआई के सीएच एरिया स्थित सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में नव-नामांकित विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीआईआई झारखंड स्टेट काउंसिल के चेयरमैन एवं वैदेही मोटर्स के निदेशक डिल्लो पारिख थे। सम्मानित अतिथियों में रामकृष्ण फोर्जिंग्स लिमिटेड के डिप्टी जनरल मैनेजर (एचआर) रवि एस. राजहंस, ओरेकल इंडिया के सीनियर एसडीएम अनिमेष आनंद, झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल के सदस्य धर्मेंद्र प्रधान तथा जियाडा के डिप्टी रीजनल डायरेक्टर दिनेश कुमार रंजन शामिल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सुनील केडिया और विश्वविद्यालय के वरिष्ठ सलाहकार कौशिक मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

मुख्य अतिथि डिल्लो पारिख ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह उनके जीवन की एक महत्वपूर्ण यात्रा की शुरुआत है, जो भविष्य की दिशा तय करेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन अपनाने, नई चीजें सीखने और केवल कक्षा तक सीमित न रहकर व्यावहारिक अनुभवों से भी सीखने की अपील की। उन्होंने सफलता का मूल मंत्र बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने को बताया।

विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से जीवराज सिंह संधू ने विद्यार्थियों को तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि मोबाइल फोन एक बड़ी शक्ति है, लेकिन उसका सही उपयोग ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुखदेव महतो ने नव-नामांकित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी सफलता के पीछे उनके कठिन परिश्रम के साथ-साथ अभिभावकों का त्याग और समर्पण भी शामिल है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में सफल होने के लिए विद्यार्थियों को बहु-प्रतिभाशाली बनना होगा। साथ ही अभिभावकों से विश्वविद्यालय का सहयोग करने का आग्रह करते हुए विश्वास जताया कि संयुक्त प्रयासों से विद्यार्थी अपने लक्ष्य तक अवश्य पहुंचेंगे।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘श्रीवाणी’ के नए अंक का विमोचन भी किया गया। डीन एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. जे. राजेश ने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का पालन करने की शपथ दिलाई। कुलपति डॉ. एस. एन. सिंह ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया, जबकि कुलसचिव डॉ. याहिया मजूमदार ने प्रस्तुति के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं संस्थागत गतिविधियों से परिचित कराया।

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नव-नामांकित विद्यार्थियों का पुष्प देकर स्वागत किया गया, जिससे पूरे आयोजन का वातावरण उत्साह और उल्लास से भर गया।

समारोह में संस्थापक शंभु महतो और संध्या महतो सहित विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य, बड़ी संख्या में नव-नामांकित विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

‘श्रीनाथ शंखनाद 2026’ के सफल आयोजन में डीन एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. जे. राजेश, एचआर रविकांत, कॉमर्स एंड मैनेजमेंट विभागाध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय महतो, स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष शशिकांत सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post