लातेहार : जिला मुख्यालय के मेन रोड स्थित शांति वस्त्रालय के सामने एक होटल के पास गुरुवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह लोगों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा, जिसके बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना तत्काल सदर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम एवं पहचान के लिए सदर अस्पताल के शव गृह भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक के चेहरे पर गिरने से चोट लगने के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल से एक बैग और चप्पल भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के लिए प्रयास जारी है। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कोई व्यक्ति शव की पहचान कर सके, तो सदर थाना पुलिस को सूचना दें। मामले की जांच जारी है।

