Breaking
Mon. Sep 28th, 2026

*सड़क हादसे में चार छात्राएं घायल, इलाज के दौरान एक की मौत*

चाईबासा : झींकपानी थाना क्षेत्र के सूरजाबासा नाले के पास सोमवार शाम सड़क दुर्घटना में चार छात्राएं घायल हो गईं। सभी को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा लाया गया। इलाज के दौरान मेरी टोला चाईबासा निवासी 19 वर्षीय रंजन कुजूर की मौत हो गई। घटना शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार टाटा कॉलेज की चार छात्राएं रंजन कुजूर, 17 वर्षीय लीला मुनि डोंगरा निवासी सगीति चक्रधरपुर, 17 वर्षीय सुमित्रा करकुश निवासी बड़ा गुईरा, सदर प्रखंड चाईबासा तथा रश्मि पूर्ति निवासी मंझारी एक स्कूटी पर सवार होकर चाईबासा से झींकपानी घूमने जा रही थीं। इसी दौरान झींकपानी थाना क्षेत्र के सूरजाबासा के पास नाले के समीप स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरी। हादसे में चारों छात्राएं घायल हो गईं।

दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान रंजन कुजूर की मौत हो गई। वहीं डॉक्टर के अनुसार सुमित्रा करकुश और रश्मि पूर्ति की स्थिति ठीक है। दोनों के परिजन प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अपने गांव लेकर चले गए। लीला मुनि डोंगरा का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

बताया गया कि रंजन कुजूर अपनी बहन की स्कूटी लेकर गई थी और वही स्कूटी चला रही थी। हादसे में उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। रंजन की मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Post