सरायकेला: सरायकेला जिले के सीनी ओपी क्षेत्र में महिला की हत्या कर शव को सेफ्टी टैंक में छिपाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज दो दिनों में खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतका के पति सोमराय हेंब्रम (39) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन विवाद इतना बढ़ गया कि उसने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी ने बताया कि घटना के बाद गठित विशेष जांच दल ने वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों और पारंपरिक पुलिस जांच के आधार पर मामले की तह तक पहुंचते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और हत्या की पूरी वारदात पुलिस के सामने बयां कर दी।
जांच के अनुसार, आरोपी ने पहले बिजली के तार से पत्नी का गला घोंटा। जब वह अचेत हो गई तो लोहे की रॉड से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने किसी को शक न हो, इसके लिए शव को घर के बगल में निर्माणाधीन मकान के पास बने सेफ्टी टैंक में फेंक दिया और सामान्य दिनचर्या का दिखावा करता रहा।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त करीब एक मीटर लंबी लोहे की रॉड और बिजली का तार बरामद कर लिया है। दोनों सामानों को जब्त कर वैज्ञानिक जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से जुटाए गए भौतिक साक्ष्य, तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों ने आरोपी के खिलाफ मजबूत सबूत उपलब्ध कराए। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की पूरी गुत्थी सुलझा ली।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी ने कहा कि हत्या जैसे गंभीर मामलों में वैज्ञानिक जांच और तकनीकी साक्ष्य अपराधियों तक पहुंचने का सबसे प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून से बचने की कोई भी कोशिश सफल नहीं होगी और ऐसे जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी सोमराय हेंब्रम को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

