Breaking
Thu. Jul 16th, 2026

देहरादून में हुए विक्रम शर्मा हत्याकांड में जमशेदपुर के चार समेत पांच फरार शूटरों पर दो-दो लाख का इनाम घोषित

जमशेदपुर / देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। देहरादून पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे पांच शूटरों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहे हैं। उनके खिलाफ पहले कुर्की-जब्ती जैसी कानूनी कार्रवाई भी की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने आत्मसमर्पण नहीं किया।

पुलिस द्वारा घोषित इनामी आरोपियों में जमशेदपुर के बागबेड़ा बजरंग टेकरी निवासी आकाश कुमार प्रसाद, उलीडीह टैंक रोड निवासी जितेंद्र कुमार साहू, जुगसलाई निवासी आशुतोष कुमार सिंह, बागबेड़ा गाड़ाबासा निवासी विशाल सिंह तथा झारखंड के लोहरदगा जिले के टांगराटोली निवासी अंकित कुमार वर्मा शामिल हैं। प्रत्येक आरोपी की गिरफ्तारी या उनके बारे में सटीक सूचना देने वाले को दो लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।

यह मामला 13 फरवरी 2026 का है, जब देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल के समीप जिम से बाहर निकल रहे विक्रम शर्मा की अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे देहरादून में सनसनी फैल गई थी। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने इसे सुनियोजित हत्या मानते हुए कई राज्यों में जांच का दायरा बढ़ाया। विवेचना के दौरान इस हत्याकांड में जमशेदपुर से जुड़े अपराधियों की भूमिका सामने आने का दावा पुलिस ने किया।

जांच की जिम्मेदारी संभाल रही डालनवाला थाना पुलिस अब तक इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, जमशेदपुर के बागबेड़ा निवासी राजकुमार सिंह और उनके पुत्र यशराज सिंह सहित अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि हत्या की साजिश और उसे अंजाम देने में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।

देहरादून पुलिस ने फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर कई बार छापेमारी की है। इसके अलावा झारखंड पुलिस के सहयोग से आरोपियों के घरों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की गई, लेकिन इसके बावजूद वे पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इसी कारण अब पुलिस ने इनामी घोषणा का सहारा लिया है ताकि आम लोगों से भी सूचना मिल सके और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इनाम घोषित होने के बाद आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण सूचनाएं मिलने की संभावना बढ़ेगी। साथ ही पुलिस की विभिन्न टीमें उत्तराखंड के अलावा झारखंड और अन्य राज्यों में भी लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही सभी फरार शूटरों को गिरफ्तार कर इस बहुचर्चित हत्याकांड का पूरा खुलासा किया जाएगा।

Related Post