नीमडीह। सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के लुपुंगडीह पंचायत अंतर्गत बुरुडूंगरी लेंगडीह गांव में मंगलवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने 72 वर्षीय वृद्धा बावली सेन के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना सुबह करीब 10:43 बजे गांव में तालाब के पास हुई। वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
पीड़िता बावली सेन ने पुलिस को बताया कि वह घर के पास थीं, तभी बाइक सवार दो युवक नंद के घर की ओर से वहां पहुंचे। दोनों ने उन्हें मौसी कहकर बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे उनके करीब आ गए। बातचीत के दौरान दोनों युवक उनके साथ तालाब के पास तक पहुंचे। इसी दौरान एक युवक ने अचानक उनके गले से सोने की चेन झपट ली। वृद्धा ने चेन बचाने के लिए विरोध किया तो छीना-झपटी में चेन का आधा हिस्सा टूटकर उनके पास रह गया, जबकि बदमाश शेष चेन लेकर बाइक से न्यू बायपास एनएच-18 की ओर फरार हो गए।
बावली सेन ने बताया कि उन्होंने करीब 12 ग्राम वजन की सोने की चेन वर्ष 2021 में 66 हजार रुपये में खरीदी थी। घटना के बाद उन्होंने शोर मचाते हुए चोर-चोर चिल्लाया। आसपास के लोगों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों तेज गति से भाग निकले।
सूचना मिलने पर नीमडीह थाना प्रभारी एसआई रतन लाल मुर्मू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़िता से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार दोनों युवकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जा सके।

