चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के सापड़ा गांव स्थित नदी किनारे गुरुवार सुबह एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह टहलने और नदी की ओर गए ग्रामीणों ने शव को देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना कपाली ओपी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान बिरसानगर थाना क्षेत्र के वास्तु विहार निवासी विजय प्रकाश (55) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह दो दिन पहले जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह इलाके से लापता हो गए थे। उनके लापता होने की सूचना परिजनों ने पहले ही बारीडीह थाना में दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। फुटेज में विजय प्रकाश अपनी स्कूटी सड़क किनारे खड़ी करने के बाद नदी की ओर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने इस फुटेज को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया है और इसके आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मामले में एक और अहम तथ्य सामने आया है। एक दिन पहले कपाली पुलिस ने इसी नदी तट के समीप एक लावारिस दोपहिया वाहन बरामद किया था। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि उसका संबंध मृतक से हो सकता है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
शव मिलने की सूचना पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने पहचान की औपचारिकता पूरी की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकेंगी।

