Breaking
Sun. Nov 1st, 2026

पारडीह चौक के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से चांडिल के युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

जमशेदपुर। आजादनगर थाना क्षेत्र के पारडीह चौक के समीप रविवार को सड़क हादसे में सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल बाजार निवासी मोहित दास की मौत हो गई। वह मोटरसाइकिल से जमशेदपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पारडीह चौक के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलने पर आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है।

मोहित की मौत की खबर चांडिल बाजार पहुंचते ही इलाके में मातम पसर गया। दुर्गा मंदिर के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों और परिजनों में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मोहित के पिता संतोष दास का भी पहले ही निधन हो चुका है। ऐसे में युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच कर सकती है।

Related Post