जमशेदपुर। रविवार को रेलवे द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार आद्रा मंडल में 31 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक चलने वाले संयुक्त इंजीनियरिंग, ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन (TRD) और सिग्नल एंड टेलीकम्युनिकेशन (S&T) रोलिंग ब्लॉक कार्यक्रम का असर टाटानगर से आने-जाने वाली ट्रेनों के परिचालन पर भी पड़ेगा। रेलवे ने इस अवधि में कई ट्रेनों को रद्द करने के साथ कुछ ट्रेनों का परिचालन निर्धारित स्टेशन से पहले समाप्त करने और वहीं से शुरू करने का निर्णय लिया है। दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय ने ट्रेन परिचालन में किए जाने वाले इन बदलावों को मंजूरी दे दी है।
टाटानगर से संबंधित प्रमुख बदलावों में 68056 टाटानगर-आसनसोल मेमू और 68055/68056 आसनसोल-टाटानगर-आसनसोल मेमू शामिल हैं। रेलवे के अनुसार 68056 टाटानगर-आसनसोल मेमू का परिचालन 4 और 6 सितंबर को केवल आद्रा तक किया जाएगा। इन दोनों तिथियों पर आद्रा-आसनसोल के बीच ट्रेन सेवा रद्द रहेगी।
वहीं, 68055/68056 आसनसोल-टाटानगर-आसनसोल मेमू का परिचालन 31 अगस्त, 3 सितंबर और 5 सितंबर को आद्रा तक ही सीमित रहेगा। इन तिथियों में आद्रा-टाटानगर-आद्रा के बीच ट्रेन का परिचालन नहीं होगा। इससे टाटानगर और आद्रा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
रोलिंग ब्लॉक के कारण 18035/18036 खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस भी प्रभावित रहेगी। यह ट्रेन 2, 5 और 6 सितंबर को आद्रा में ही शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट होगी। इन दिनों आद्रा-हटिया-आद्रा के बीच ट्रेन सेवा रद्द रहेगी।
इसके अलावा 18116/18115 चक्रधरपुर-गोमो-चक्रधरपुर मेमू का परिचालन 1, 4 और 6 सितंबर को महुदा स्टेशन तक ही सीमित रहेगा। इन तिथियों में महुदा-गोमो-महुदा के बीच ट्रेन नहीं चलेगी।
रोलिंग ब्लॉक के कारण 68046/68045 आसनसोल-आद्रा-आसनसोल मेमू 31 अगस्त तथा 2 से 6 सितंबर तक रद्द रहेगी। 68090/68089 आद्रा-मिदनापुर-आद्रा मेमू 1, 4 और 6 सितंबर को तथा 68077/68078 आद्रा-विष्णुपुर-आद्रा मेमू 6 सितंबर को रद्द रहेगी।
वहीं, 63594/63593 आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू 31 अगस्त, 3, 4 और 6 सितंबर को रद्द रहेगी। इसी ट्रेन का परिचालन 1, 2 और 5 सितंबर को आद्रा से शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट किया जाएगा। इस दौरान आद्रा-पुरुलिया-आद्रा के बीच सेवा रद्द रहेगी।
रेलवे के अनुसार आद्रा मंडल में आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों को पूरा करने के लिए यह रोलिंग ब्लॉक लिया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन की स्थिति की जानकारी रेलवे से प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें स्टेशन पर अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

