Breaking
Sun. Nov 1st, 2026

प्रेमिका से अलगाव के बाद तनाव में था किशोर, फांसी लगाकर दी जान

जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में शुक्रवार देर रात एक 17 वर्षीय किशोर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान शिवम राज के रूप में हुई है। घटना की जानकारी परिजनों को शनिवार सुबह हुई, जिसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।

परिजनों ने आनन-फानन में शिवम को फंदे से नीचे उतारा और इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सीतारामडेरा पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि शिवम का किसी युवती से प्रेम संबंध था। हाल में दोनों के बीच संबंध खत्म हो गए थे, जिसके बाद वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के कारण उसने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार शिवम अपने पिता के साथ ओडिशा में रहकर एक गैरेज में काम करता था। वह रक्षाबंधन पर्व मनाने के लिए करीब तीन दिन पहले ही जमशेदपुर स्थित अपने घर लौटा था। पर्व के दौरान हुई इस घटना से परिवार में मातम पसर गया।

पुलिस ने पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Post