जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र के एल-4 रोड नंबर 11 में चोरों ने एक बंद मकान में घुसकर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण समेत लाखों रुपये के सामान की चोरी कर ली। घटना की जानकारी शनिवार सुबह मकान खोलने पहुंचने पर परिवार के सदस्यों को हुई। चोरी की पूरी वारदात रक्षाबंधन की रात होने की बात बताई जा रही है।
कांग्रेस नेता अरविंद साहू के परिजन का यह मकान फिलहाल बंद था। अरविंद साहू ने बताया कि घटना के समय वे घर पर मौजूद नहीं थे। शनिवार सुबह जब वे मकान पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने दो अलमारियों के लॉक तोड़कर उसमें रखे करीब 30 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए।
उन्होंने बताया कि मकान में उनके भाई भी रहते हैं, लेकिन इलाज के लिए फिलहाल वेल्लोर गए हुए हैं। उनके बाहर रहने के कारण घर बंद था। आशंका जताई जा रही है कि चोरों को मकान के बंद रहने की जानकारी पहले से थी और उन्होंने मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध चोर की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद मिली है। पुलिस अब फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है। आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरी में शामिल अन्य लोगों के बारे में सुराग मिल सके।
परिवार के सदस्यों द्वारा चोरी गए आभूषण और अन्य सामानों की सूची तैयार की जा रही है। इसके बाद चोरी हुए सामान की कुल कीमत का आकलन हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

