जमशेदपुर। डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। अस्पताल में चोरी के प्रयास के दौरान पकड़े गए युवक से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके चार सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु डी ब्लॉक निवासी सावन देवगम समेत कुल पांच लोग शामिल हैं। अन्य आरोपियों के नाम पुलिस जांच के क्रम में सामने आए हैं।
मंगलवार रात करीब 10 बजे अस्पताल के पांचवें तल्ले पर नाइट शिफ्ट में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने सावन देवगम को एक मरीज के परिजन की जेब काटने का प्रयास करते पकड़ लिया था। उसके पास से 150 रुपये, चिलम, गांजा और ब्लेड बरामद हुआ। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चांडिल से दो तथा बागुनहातु से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक नीले रंग की स्कूटी, सोने का लॉकेट, मंगलसूत्र, चांदी की पायल, एक दर्जन से अधिक मोबाइल फोन और नकद राशि सहित कई सामान बरामद किए हैं। पुलिस को संदेह है कि गिरोह ने पिछले एक महीने के दौरान अस्पताल में हुई कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपी चोरी के बाद कपड़े बदल लेते थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
बुधवार को पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पूर्व की चोरी की घटनाओं से जुड़े मामलों की जानकारी जुटाई। बरामद सामान की पहचान कराने के साथ आरोपियों से अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य अस्पताल के अलावा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी चोरी और महिलाओं से छिनतई करते थे। थाना प्रभारी सचिव दास ने बताया कि आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि और गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच जारी है।

