जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के नामोटोला में मंगलवार देर रात 19 वर्षीय अभिरुप दास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में मातम पसर गया। युवक का शव उसके कमरे में पंखे से लटका मिला। अभिरुप परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में जहां कुछ समय पहले तक खुशियां थीं, वहीं अब मातम और चीख-पुकार का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, अभिरुप काफी समय से नामोटोला स्थित अपने नानी के घर पर रह रहा था। मंगलवार देर रात वह अपने कमरे में था। इसी दौरान उसकी मां कमरे में पहुंचीं तो बेटे को पंखे से लटका देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मां की चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर परसुडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
19 वर्षीय युवक की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। इकलौते बेटे को खोने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

