Breaking
Thu. Oct 22nd, 2026

*जमीन के नाम पर दो करोड़ की ठगी का आरोप, पूर्व JSCA अध्यक्ष अमिताभ चौधरी के बेटे ने दर्ज कराई FIR*

*रांची :* पूर्व आईपीएस अधिकारी और झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी के बेटे अभिषेक चौधरी ने जमीन के नाम पर करीब दो करोड़ रुपये की कथित ठगी का आरोप लगाते हुए हिंदपीढ़ी थाने में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। एफआईआर में शाहनवाज शेख, उनके भाई आफताब शेख और सफदर शेख तथा बहन तबस्सुम इसरार और शबनम शेख को आरोपी बनाया गया है।

अभिषेक चौधरी के मुताबिक, वर्ष 2021 में हिंदपीढ़ी के शेख मेंशन निवासी शाहनवाज शेख और उनके भाई-बहनों ने अमिताभ चौधरी के सामने खलारी और चान्हो अंचल के केदल एवं रामदगा गांव में स्थित 736 डिसमिल जमीन बेचने का प्रस्ताव रखा था। जमीन की कीमत 20 हजार रुपये प्रति डिसमिल बताई गई थी।

एफआईआर के अनुसार, अमिताभ चौधरी ने जमीन खरीदने के लिए कई किस्तों में करीब दो करोड़ रुपये दिए थे। यह रकम दरभंगा और मधुबनी स्थित उनकी पैतृक करीब 150 कट्ठा जमीन बेचकर जुटाई गई थी। आरोप है कि शाहनवाज शेख ने 9 सितंबर 2021 को अमिताभ चौधरी के ई-मेल पर जमीन का एकरारनामा भी भेजा था। इसके बाद अंतिम किस्त के तौर पर 21 लाख रुपये का चेक 20 जुलाई 2022 को दिया गया।

हालांकि, जमीन की रजिस्ट्री होने से पहले ही 16 अगस्त 2022 को अमिताभ चौधरी का निधन हो गया। अभिषेक के अनुसार, इसके कुछ दिनों बाद 28 अगस्त को जब उन्होंने शाहनवाज शेख से मुलाकात की तो उन्होंने जमीन का सौदा 25 हजार रुपये प्रति डिसमिल तय होने की बात कही और करीब 1.32 करोड़ रुपये प्राप्त करने की बात स्वीकार की।

अभिषेक का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर शाहनवाज शेख लगातार टाल-मटोल करने लगे। बाद में जमीन की कीमत 50 हजार रुपये प्रति डिसमिल बताते हुए कथित तौर पर एक करोड़ रुपये और मांगने लगे। 17 अगस्त 2023 को दोबारा मुलाकात के दौरान शाहनवाज ने जमीन बैंक के पास गिरवी रखे जाने की बात बताई।

अब इस मामले में हिंदपीढ़ी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपों, जमीन से जुड़े दस्तावेजों और कथित लेन-देन की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Related Post