*कोडरमा :* डोमचांच प्रखंड के मधुबन गांव में जंगली खुखड़ी खाने से एक ही परिवार के छह सदस्य बीमार हो गए। बीमार लोगों में चार बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं। खुखड़ी खाने के कुछ देर बाद सभी के पेट में अचानक दर्द शुरू हो गया और लगातार उल्टियां होने लगीं।
परिवार की बुजुर्ग सदस्य शकुंतला देवी ने बताया कि बुधवार को वह अपने बेटे निर्मल यादव के साथ खेत में धान रोपने गई थीं। देर शाम जब दोनों घर लौटे, तो देखा कि बच्चे और बहू काफी परेशान थे और लगातार उल्टियां कर रहे थे। पूछताछ में पता चला कि शाम में खुखड़ी खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।
परिजनों के अनुसार, बीमार सदस्यों को 20 से अधिक बार उल्टियां हुईं। इसके बाद सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा ले जाया गया।
*डॉक्टर ने बताया फूड पॉइजनिंग का मामला*
सदर अस्पताल में चिकित्सक डॉ. नीरज शाहा ने सभी की प्रारंभिक जांच कर आवश्यक दवाएं दीं। डॉक्टर के मुताबिक, यह फूड पॉइजनिंग का मामला है और जंगली खुखड़ी खाने के कारण तबीयत बिगड़ने की आशंका है।
बीमार लोगों में 13 वर्षीय नैतिक कुमार, 12 वर्षीय सूरज कुमार, 10 वर्षीय उज्जवल कुमार, 16 वर्षीय मौसम कुमारी, 30 वर्षीय मुन्नी देवी और 36 वर्षीय संगीता देवी शामिल हैं। मुन्नी देवी का इलाज घर पर ही किया गया, जबकि अन्य मरीजों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। बच्चों और महिलाओं की चिकित्सकों की निगरानी में जांच और उपचार किया जा रहा है।

