Breaking
Sat. Aug 15th, 2026

रामदास सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर खड़ंगाझाड़ चौक पर प्रतिमा का अनावरण, मंत्री दीपक बिरुआ ने झारखंड आंदोलन में योगदान को किया याद

जमशेदपुर। पूर्व शिक्षा मंत्री और झामुमो के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय रामदास सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर शनिवार को टेल्को स्थित खड़ंगाझाड़ चौक पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ, विधायक संजीव सरदार और रामदास सोरेन के पुत्र सह विधायक सोमेश सोरेन ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर रामदास सोरेन की पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्य, झामुमो के नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रतिमा अनावरण के बाद आयोजित कार्यक्रम में मंत्री दीपक बिरुआ ने स्वर्गीय रामदास सोरेन के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। शिक्षा के क्षेत्र में भी उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रामदास सोरेन ने अपने जीवन को समाज और झारखंड के हितों के लिए समर्पित किया।

मंत्री बिरुआ ने रांची में चल रहे छात्रों के आंदोलन पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि छात्र नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव चाहते हैं और राज्य सरकार उनकी मांगों के अनुरूप पहल कर रही है। सरकार ने छात्रों की लगभग सभी मांगों को मान लिया है। सीबीआई जांच की मांग पर उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सीबीआई और ईडी केंद्र सरकार के अधीन काम करने वाली संस्थाएं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हीं संस्थाओं का इस्तेमाल कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को फंसाया गया था। उन्होंने कहा कि इसी कारण सरकार इस मामले में इन संस्थाओं से जांच नहीं कराना चाहती, क्योंकि इससे दोबारा गड़बड़ी की आशंका है।

खनिज संपदा से जुड़े अधिनियम पर मंत्री ने कहा कि इससे राज्य सरकार को विभिन्न क्षेत्रों में नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के हितों की रक्षा के लिए इस अधिनियम का मजबूती से विरोध किया जाएगा।

कार्यक्रम में विधायक समीर महांती, सबिता महतो, मंगल कालिंदी और संजीव सरदार के अलावा झामुमो नेता कुणाल सारंगी समेत कई नेता उपस्थित रहे। सभी ने रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। गौरतलब है कि रामदास सोरेन का निधन पिछले वर्ष 15 अगस्त को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ था।

Related Post