Breaking
Mon. Aug 10th, 2026

लातेहार में 146 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, 22 लाख रुपये का नशीला पदार्थ बरामद

लातेहार। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चंदवा से बालूमाथ के रास्ते बिहार ले जाए जा रहे 146 किलोग्राम गांजा को बरामद किया है। गांजा की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक होंडा सिटी कार को भी पुलिस ने जब्त किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को पुलिस अधीक्षक लातेहार को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा की ओर से सफेद रंग की होंडा सिटी कार में भारी मात्रा में गांजा लादकर कुछ लोग बालूमाथ के रास्ते बिहार की ओर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बालूमाथ के नेतृत्व में मकईयाटांड़ पुलिस पिकेट के समीप वाहन जांच और छापेमारी अभियान चलाया गया।

इसी दौरान संदिग्ध होंडा सिटी कार को रोककर पुलिस ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से गांजा से भरे छह बोरे बरामद हुए। वजन कराने पर कुल 146 किलोग्राम गांजा पाया गया। इसके बाद पुलिस ने कार को जब्त करते हुए उसमें सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर गांजा तस्करी के लिए रेकी करने वाले एक बोलेरो वाहन को भी जब्त किया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क, गांजा के स्रोत और बिहार में इसकी आपूर्ति से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Post