Breaking
Sun. Nov 1st, 2026

सीएच एरिया में तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, युवती की मौत, युवक गंभीर

जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया आर्मी कैंप के समीप रविवार देर रात तेज रफ्तार बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय युवती एंजेल गुड़िया की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद युवक केल्विन लकड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली थी और जमशेदपुर में रहकर मानगो स्थित एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी।

जानकारी के अनुसार, एंजेल गुड़िया और बिरसानगर निवासी केल्विन लकड़ा रविवार रात करीब एक बजे बाइक से घूमने निकले थे। सीएच एरिया आर्मी कैंप के पास तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसी दौरान वहां से गुजर रही पुलिस पेट्रोलिंग टीम की नजर दुर्घटना पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल दोनों घायलों को इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद एंजेल गुड़िया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, केल्विन लकड़ा की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज टीएमएच में जारी है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। साथ ही मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Related Post