जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र में महिला से चेन छिनतई की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया सिटी गोल्ड का चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गुरुवार को सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 31 जुलाई की रात जुबिली पार्क रोड स्थित रौनक फूड कॉर्नर के सामने चंदना दास नामक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने चेन छीन ली थी। पीड़िता के पुत्र सूरज दास की शिकायत पर 1 अगस्त 2026 को साकची थाना में मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व तथा नगर डीएसपी की निगरानी में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य सूचनाओं के आधार पर सीतारामडेरा के भालूबासा गौड़ बस्ती निवासी राहुल गोप उर्फ बल्ले (30) और आमीर सरफराज (26) की पहचान की। दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस ने राहुल गोप के कब्जे से छीना गया सिटी गोल्ड का चेन बरामद किया, जबकि आमीर सरफराज के घर से वारदात में प्रयुक्त हीरो मोटरसाइकिल (जेएच-05सीवी-6640) जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार राहुल गोप उर्फ बल्ले का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। उसके खिलाफ सीतारामडेरा, गोलमुरी, आजादनगर और एमजीएम थाना में रंगदारी, लूट, हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आमीर सरफराज के विरुद्ध साकची और सोनारी थाना में लूट के दो मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शहर में चेन छिनतई और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

