Breaking
Tue. Oct 27th, 2026

मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में नवजात का शव लेकर पहुंचा आवारा कुत्ता, मचा हड़कंप

पलामू। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में मंगलवार सुबह एक बेहद संवेदनशील और विचलित करने वाली घटना सामने आई। अस्पताल परिसर में एक आवारा कुत्ता नवजात शिशु का शव मुंह में दबाकर घूमता दिखाई दिया। इस दृश्य को देखकर अस्पताल में मौजूद मरीजों, परिजनों और अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद लोगों के बीच नवजात के शव को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि नवजात का शव कहां से आया और उसे अस्पताल परिसर तक कुत्ता कैसे लेकर पहुंचा।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे एक युवक की नजर अचानक नवजात का शव मुंह में दबाए एक आवारा कुत्ते पर पड़ी। कुत्ते को इस हालत में देखकर युवक समेत वहां मौजूद अन्य लोग स्तब्ध रह गए। देखते ही देखते यह खबर अस्पताल परिसर में फैल गई और लोगों की भीड़ जुटने लगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अस्पताल पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी गई।

सूचना मिलने के बाद अस्पताल पुलिस चौकी के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए छानबीन शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात शिशु का शव किसका है और कुत्ता उसे कहां से लेकर आया था। साथ ही, यह भी पता लगाने की जरूरत है कि नवजात का शव अस्पताल परिसर तक किन परिस्थितियों में पहुंचा।

अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की घटना सामने आने के बाद वहां की व्यवस्था और नवजात के शव की पहचान को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल, घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

Related Post