Breaking
Tue. Oct 27th, 2026

साकची में कार सवार पांच युवकों का हंगामा, चापड़ लहराकर राहगीरों को दौड़ाने का आरोप

जमशेदपुर। साकची स्थित बसंत टॉकीज के समीप भाजपा कार्यालय के सामने सोमवार देर रात करीब 12 बजे कार सवार पांच युवकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि नशे की हालत में युवकों ने सड़क से गुजर रहे राहगीरों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान एक युवक के चापड़ लहराकर लोगों को दौड़ाने की भी बात सामने आयी है। अचानक हुए इस हंगामे से व्यस्त सड़क पर अफरा-तफरी मच गयी। करीब 20 मिनट तक इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस का पीसीआर वाहन मौजूद था। राहगीरों और स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तो कार सवार युवकों ने वहां से भागने का प्रयास किया। इस दौरान उनकी कार (जेएच-02-एडी-8666) ने सड़क पर खड़े और गुजर रहे कई वाहनों को टक्कर मार दी। इससे कुछ वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है।

युवकों को भागता देख स्थानीय नागरिकों ने पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी की और कार को आगे बढ़ने से रोक दिया। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने पांचों युवकों को पकड़कर हिरासत में ले लिया। बताया जाता है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपितों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की करने और उलझने की कोशिश की।

कार की तलाशी के दौरान शराब, बेसबॉल बैट और कुछ अन्य संदिग्ध सामान मिलने की बात सामने आयी है। हालांकि, पुलिस की ओर से बरामद सामान और घटना में इस्तेमाल किये गये धारदार हथियार को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी है।

शहर के व्यस्त साकची इलाके में देर रात इस तरह के हंगामे से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। फिलहाल, पकड़े गये युवकों की पहचान, उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और पुलिस की आगे की कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Related Post