Breaking
Tue. Oct 27th, 2026

प्रधानमंत्री के स्वर्गीय पिता पर अभद्र टिप्पणी के लिए कांग्रेस देश से माफी मांगे : डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी

जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिता के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस बयान की निंदा करते हुए कांग्रेस से देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

डॉ. गोस्वामी ने कहा कि लगातार चुनावी हार से कांग्रेस निराशा और कुंठा के दौर से गुजर रही है। इसी हताशा में पार्टी के नेता सार्वजनिक जीवन की मर्यादाओं को भूलकर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गाली-गलौज और व्यक्तिगत टिप्पणियां कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा बनती जा रही हैं, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों को नीतियों, विचारों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर एक-दूसरे की आलोचना करने का पूरा अधिकार है, लेकिन किसी के परिवार के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करना स्वीकार्य नहीं हो सकता। सार्वजनिक जीवन में शालीनता और मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक राजनीतिक दल और उसके नेताओं की जिम्मेदारी है।

डॉ. गोस्वामी ने कहा कि कांग्रेस को राजनीतिक विरोध और व्यक्तिगत अपमान के बीच का अंतर समझना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की बयानबाजी से राजनीतिक संवाद का स्तर गिरता है और लोकतांत्रिक परंपराओं को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से मामले पर गंभीरता दिखाने और अपने बयान के लिए देश की जनता से माफी मांगने की मांग की।

Related Post