सरायकेला: जिले में लगातार सामने आ रही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में सरायकेला थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक संगठित वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि बाइक चोरी के एक मामले की जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अख्तर अंसारी उर्फ तेजा, करण बास्के तथा कृष्णानाथ उर्फ दुख को गिरफ्तार किया।
एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने कई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर एक नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल तथा चार बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की गईं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह सरायकेला-खरसावां के अलावा आसपास के जिलों में भी सक्रिय था और चोरी की बाइक को अलग-अलग स्थानों पर खपाने का काम करता था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरोह का मुख्य आरोपी अख्तर अंसारी उर्फ तेजा पहले से ही झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में दर्ज कई आपराधिक मामलों में आरोपित रहा है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान करने और चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि जिले में वाहन चोरी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक राजेश टुडू, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार तथा थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

