Breaking
Thu. Jul 30th, 2026

**मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर बड़कुंवर गागराई ने जताई चिंता, जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी**

चाईबासा: लगातार हो रही बारिश के बाद गुवा, किरीबुरू और बड़ाजामदा क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। दिन और रात दोनों समय मच्छरों से लोग परेशान हैं। सारंडा क्षेत्र पहले से ही मलेरिया प्रभावित क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में स्थानीय लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने भी स्थिति पर चिंता जताई है।

पूर्व मंत्री एवं पूर्व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई ने कहा कि क्षेत्र में लगातार जलजमाव, झाड़ियों की सफाई नहीं होने और नियमित फॉगिंग नहीं किए जाने के कारण मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन, राज्य सरकार और सेल प्रबंधन इस गंभीर समस्या को लेकर लापरवाह बने हुए हैं। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो मलेरिया, डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियां लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन सकती हैं।

उन्होंने कहा कि पहले सेल प्रबंधन की ओर से नियमित रूप से मच्छररोधी दवा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जाती थी, जिससे काफी हद तक राहत मिलती थी। लेकिन इस बार पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से हालात बिगड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि गुवा, किरीबुरू और बड़ाजामदा के कई इलाकों में जलजमाव और झाड़ियां मच्छरों के पनपने का कारण बन रही हैं।

बड़कुंवर गागराई ने बताया कि क्षेत्र में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। गुवा सेल अस्पताल में मरीजों का दबाव लगातार बढ़ रहा है और कई बेड भरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति आने वाले दिनों में और गंभीर हो सकती है।

उन्होंने जिला प्रशासन, राज्य सरकार और सेल प्रबंधन से युद्ध स्तर पर फॉगिंग कराने, मच्छररोधी दवा का छिड़काव करने, जलजमाव वाले स्थानों की सफाई कराने और झाड़ियों को हटाने की मांग की। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

बड़कुंवर गागराई ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया और लोगों को राहत नहीं मिली तो भारतीय जनता पार्टी जनता के हित में उग्र प्रदर्शन और आंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और प्रशासन को इस मामले में तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।

Related Post