जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र के टोल ब्रिज के पास सोमवार शाम एक 12 वर्षीय किशोर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में मिले किशोर को स्थानीय लोगों ने तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कदमा के रामजनम नगर निवासी सन्नी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि किशोर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के संबंध में स्थानीय निवासी आशीष ने बताया कि सोमवार शाम वह टोल ब्रिज के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल पड़े किशोर पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उसके शरीर पर कई जगह चाकू से वार किए जाने के निशान दिखाई दिए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना देर किए किशोर को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद कदमा थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। हालांकि, किशोर की हत्या किसने और किस वजह से की, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के साथ हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

