Breaking
Mon. Oct 19th, 2026

चाकुलिया-धालभूमगढ़ सड़क पर पिकअप वैन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, चालक फरार

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया-धालभूमगढ़ मुख्य सड़क पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मुटुरखाम गांव के पास बाइक और पिकअप वैन के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पिकअप वैन का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। मिली जानकारी के अनुसार, बाइक संख्या जेएच 05 सीडब्ल्यू 1172 पर सवार युवक चाकुलिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही पिकअप वैन से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मृतक के शव को चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ फरार पिकअप वैन चालक की तलाश में भी जुटी है।

समाचार लिखे जाने तक मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Related Post