जमशेदपुर। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने पोटका क्षेत्र के हल्दीपोखर, हाता और जादूगोड़ा में स्थित संवेदनशील दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसपी ने पूजा पंडालों में पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
ग्रामीण एसपी ने इस दौरान विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों से भी बातचीत की। उन्होंने पूजा समितियों से आपसी सहयोग और समन्वय के साथ त्योहार मनाने तथा शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान मुसाबनी डीएसपी रहित कुमार रजवार, इंस्पेक्टर पीसी सिन्हा, कोवाली थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी, पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

