जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के डीबी रोड पर गुरुवार तड़के एक तेज रफ्तार कार ने अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक ठेला चालक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार (जेएच-05 ईपी-9444) सबसे पहले टीवीएस एक्सएल से घर लौट रहे एक व्यक्ति से टकराई। बताया जा रहा है कि वह अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर वापस लौट रहा था। इसके बाद कार सड़क किनारे सो रहे एक ठेला चालक को अपनी चपेट में लेती हुई आगे बढ़ी और वहां से गुजर रहे दो अन्य लोगों को भी टक्कर मार दी। हादसा इतना तेज था कि चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के तुरंत बाद कार में सवार सभी युवक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार किसी स्थानीय व्यक्ति की बताई जा रही है। लोगों ने दावा किया कि कार की तलाशी के दौरान उसमें शराब की कई बोतलें और एक कटोरे में रखा मुर्गा मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि कार सवार युवक किसी पार्टी से लौट रहे थे। हालांकि पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूचना मिलने पर बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस वाहन के आधार पर उसके मालिक और फरार युवकों की पहचान करने में जुटी है। वहीं, घायलों का इलाज टीएमएच में जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

