धार्मिक अनुष्ठानों के साथ रक्तदान, नेत्र जांच एवं स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन
जमशेदपुर: धार्मिक श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच पवित्र दानोत्तम कठिन चीवर दान 2026 का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दो चरणों में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बौद्ध धर्म की परंपराओं के साथ-साथ विभिन्न जनसेवा कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रथम चरण की शुरुआत सुबह 9 बजे भिक्षुसंघ की उपस्थिति में विश्व धार्मिक ध्वज फहराकर की गई। ध्वजारोहण भदंत डॉ. बुद्धपाल महाथेर ने किया। सुबह 9:15 बजे उनके करकमलों से रक्तदान शिविर, नेत्र जांच शिविर एवं स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन हुआ। इसके बाद गाथा पाठ के साथ बुद्ध पूजा और दीप प्रज्ज्वलन किया गया। कार्यक्रम में बोधि सोसाइटी के महासचिव साधन बड़ुआ ने स्वागत भाषण दिया। अंजू बड़ुआ, प्रगति बड़ुआ, अर्पिता बड़ुआ, प्रियश्री बड़ुआ, सुगंधि बड़ुआ एवं मौसुमी बड़ुआ ने गाथा प्रस्तुत की। इस अवसर पर भदंत डॉ. बुद्धपाल महाथेर, भदंत पूर्णानंद भिक्षु (बोधगया), भदंत परमानंद भिक्षु, भदंत आदिबंश भिक्षु (दुर्गापुर), भदंत अरूपानंद भिक्षु (मेदिनीपुर), भदंत विमुक्तश्री भिक्षु (बानपुर), भदंत विपुल बंश भिक्षु (दुर्गापुर) एवं भदंत विपस्सी भिक्षु (बोधगया) उपस्थित रहे। बोधि सोसाइटी के अध्यक्ष अलोक रंजन बड़ुआ भी विशेष रूप से मौजूद थे।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में दोपहर 2 बजे भिक्षुसंघ तथा उपासक-उपासिकाओं की सहभागिता में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शाम 3:45 बजे भिक्षुसंघ के आसन ग्रहण के बाद उद्घाटन संगीत प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात भदंत डॉ. बुद्धपाल महाथेर की अध्यक्षता में धर्मसभा एवं पवित्र कठिन चीवर दान समारोह आयोजित हुआ। अंजू बड़ुआ ने पंचशील प्रार्थना की तथा भदंत डॉ. बुद्धपाल महाथेर ने पंचशील प्रदान किया। अंत में पुण्यदान कार्यक्रम एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस आयोजन के माध्यम से भगवान बुद्ध के दान, शील, त्याग, मानव सेवा, करुणा और मैत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया।

