Breaking
Thu. Jul 23rd, 2026

टीएमएच गेट के बाहर जहरीला पदार्थ खाने से सांड की मौत, इलाके में मचा हड़कंप

जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह स्थित टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) के मुख्य गेट के बाहर बुधवार देर रात एक सांड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए अस्पताल गेट के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि सांड की मौत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन या फिर सांप के काटने से हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना के संबंध में अस्पताल गेट के पास टेम्पो चलाने वाले चालक मोहम्मद जावेद ने बताया कि वे और उनके अन्य साथी दिन-रात टीएमएच के बाहर ही रहते हैं। बुधवार देर रात उन्होंने देखा कि एक सांड लड़खड़ाते हुए अस्पताल गेट के पास पहुंचा। उसके मुंह से लगातार झाग निकल रहा था और कुछ ही देर बाद वह सड़क पर गिर पड़ा। सांड की हालत बिगड़ती देख आसपास मौजूद लोगों ने उसे पानी पिलाने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ और थोड़ी ही देर में उसकी मौत हो गई।

मोहम्मद जावेद ने बताया कि अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में अक्सर सांप देखे जाते हैं। ऐसे में उन्हें आशंका है कि संभव है सांड को किसी जहरीले सांप ने काट लिया हो। वहीं कुछ स्थानीय लोगों का मानना है कि सांड ने कहीं जहरीला पदार्थ खा लिया होगा, जिसके कारण उसकी मौत हुई।

घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ देर तक अस्पताल गेट के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही। बाद में संबंधित विभाग को सूचना देकर मृत सांड को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

फिलहाल सांड की मौत का सही कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। यदि पशु चिकित्सकों द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाता है, तो ही यह साफ हो सकेगा कि उसकी मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई, सांप के काटने से या किसी अन्य कारण से। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने तथा अस्पताल परिसर के आसपास सांपों की मौजूदगी की जांच कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Related Post