Breaking
Thu. Jul 23rd, 2026

कदमा में महिला से सोने की चेन लूट, विरोध में गिरने से हाथ टूटा

जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला से सोने की चेन झपटकर फरार होने की वारदात को अंजाम दिया। घटना में महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बदमाश मौके से तेज रफ्तार में भाग निकले। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, कदमा निवासी संतोना जेना, जो सरायकेला उपायुक्त कार्यालय में कार्यरत हैं, अपनी बेटी के साथ भाटिया बस्ती स्थित घर जा रही थीं। इसी दौरान रेसिंग बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। दोनों ने महंगे और आकर्षक हेलमेट पहन रखे थे ताकि उनकी पहचान छिपी रहे। बाइक के पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर संतोना जेना के गले से लगभग 16 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन ली।

वारदात के दौरान आरोपी के हाथ में पहना कड़ा पीछे बैठी उनकी बेटी से टकरा गया। इससे उनकी दोपहिया का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। गिरने से संतोना जेना गंभीर रूप से घायल हो गईं।

शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों बदमाश तेज गति से फरार हो चुके थे। पीड़िता ने बताया कि भागते समय बाइक के पीछे बैठा युवक बार-बार पीछे मुड़कर देख रहा था। उसने नारंगी (ऑरेंज) रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जो उसकी पहचान का अहम सुराग हो सकता है।

हादसे में संतोना जेना के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। उन्हें तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि इस संबंध में वरीय अधिकारी ही जानकारी साझा करेंगे।

Related Post