चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड स्थित बासाहातु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रोजेक्ट जागृति–बेहतर स्वास्थ्य के तहत रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन सिद्धार्थ होनहागा, यमुना तियू, रंजन तिवारी, धनंजय पाठक, मेघनाथ मंडल, डॉ. आलोक रंजन महतो और डॉ. मीना मुर्मू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
रक्तदान शिविर में प्रखंड कर्मियों, जेएसएलपीएस की महिलाओं, कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की शिक्षिकाओं, समाजसेवियों, ग्रामीणों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में कुल 185 लोगों ने पंजीकरण कराया, जबकि 60 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इनमें 39 पुरुष और 22 महिलाएं शामिल रहीं। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता के लिए नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल किसी का जीवन बचाने का माध्यम है, बल्कि इससे शरीर भी स्वस्थ रहता है और रक्त संचार बेहतर होता है।
डॉ. आलोक रंजन महतो ने रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति के लिए रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित है और इससे किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती।
कार्यक्रम में बीपीएम प्रकाश सिंह मुंडा, जेएसएलपीएस के बीपीएम ग्रेगरी तिग्गा, बीटीएम भानु प्रताप सिंह, आशीष साहु, बंकिम चन्द्र प्रधान, बिरसा तियू, बलराम केशरी, शंकर महली सहित बड़ी संख्या में सहिया कर्मी और अन्य लोग उपस्थित रहे।

