Breaking
Sun. Nov 8th, 2026

कपाली में राइडर्स के समूह से टकराई बाइक, 30 वर्षीय युवक की मौत, दो घायल

सरायकेला-खरसावां। कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार बाइक सवारों के समूह की चपेट में आने से हुए सड़क हादसे में 30 वर्षीय उज्ज्वल मंडल की मौत हो गयी। दुर्घटना में उनके साथ मोटरसाइकिल पर सवार बंसीधर मंडल घायल हो गये। वहीं, राइडर्स के समूह में शामिल एक अन्य बाइक सवार के भी घायल होने की सूचना है। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, नीमडीह थाना क्षेत्र के आदरडीह निवासी उज्ज्वल मंडल अपनी मोटरसाइकिल संख्या जेएच05बीए7123 से घर लौट रहे थे। रविवार सुबह करीब सात बजे डोबो रोड पर सामने से चार-पांच बाइक पर सवार होकर आ रहे राइडर्स के समूह में शामिल एक बाइक से उनकी मोटरसाइकिल की सीधी भिड़ंत हो गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उज्ज्वल मंडल गंभीर रूप से घायल हो गये और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी। उनके साथ बाइक पर सवार बंसीधर मंडल भी हादसे में घायल हो गये।

स्थानीय निवासी भूषण महतो ने बताया कि राइडर्स के समूह की चपेट में उनका परिवार भी आ गया। हालांकि परिवार के सदस्यों को मामूली चोटें आयी हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी और घायलों को संभालने का प्रयास किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों और राइडर्स के समूह में शामिल बाइक सवारों की पहचान की जांच कर रही है।

बताया गया कि उज्ज्वल मंडल शादीशुदा थे और दो बच्चों के पिता थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार में मातम छा गया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Post