जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला में शनिवार की रात एक दर्दनाक रेल हादसे में महिला की मौत हो गयी। घटना दाहीगोड़ा स्थित हनुमान मंदिर के समीप रात करीब 10:30 बजे हुई। टाटानगर से घाटशिला की ओर जा रही डाउन पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में महिला आ गयी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी जान चली गयी। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और ट्रेन भी घटनास्थल के पास रुक गयी।
बताया जा रहा है कि मृतका घाटशिला के लालडीह क्षेत्र की रहने वाली थी। घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी, मऊभंडार ओपी और घाटशिला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में महिला के ट्रेन की चपेट में आने की बात सामने आयी है। हालांकि, वह रेलवे लाइन तक किन परिस्थितियों में पहुंची और हादसा किस तरह हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटायी जा रही है।

