रांची। खलारी थाना क्षेत्र के जमुनदोहर गांव के समीप शनिवार की रात कोयला लदे हाइवा डंपर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने डंपर के अगले हिस्से को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वाहन का अगला भाग बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, समय रहते दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई।
बताया गया कि हाइवा डंपर संख्या जेएच02पी-5049 चंद्रगुप्त परियोजना से कोयला लोड कर खलारी की ओर जा रहा था। जमुनदोहर गांव के पास पहुंचते ही डंपर से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में वाहन में आग भड़क उठी। आग की तेज लपटें देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना खलारी थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। आग तेजी से फैल रही थी, इसलिए तत्काल सीसीएल की दमकल गाड़ी को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया।
आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से घटना की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। समय पर आग बुझा दिए जाने से आसपास के क्षेत्र में बड़ा नुकसान होने से बच गया।

