जमशेदपुर: केरला समाजम मॉडल स्कूल (केएसएमएस), गोलमुरी ने अपने सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रोजेक्ट ‘मुस्कान सेतु – टच ए लाइफ, बी द चेंज’ के तहत 7 नवंबर 2026 को छायानगर में जरूरतमंद परिवारों के बीच दिवाली की खुशियां बांटीं। इस पहल का उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों तक त्योहार की खुशियां पहुंचाना और उनमें अपनत्व एवं खुशियों का एहसास कराना था।
इस अवसर पर स्कूल की स्काउट्स एंड गाइड्स यूनिट ने पर्यावरण क्लब के सहयोग से जरूरतमंद परिवारों के बीच सूजी, खोया, मिठाइयां और फुलझड़ियां वितरित कीं। स्कूल के विद्यार्थियों ने इस सामाजिक पहल में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आवश्यक सामग्रियां एकत्रित कीं और अपना योगदान दिया। विद्यार्थियों की इस सहभागिता से यह आयोजन सामुदायिक सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल बन गया।
कार्यक्रम का आयोजन स्कूल के चेयरमैन टी.के. सुकुमारन, डायरेक्टर-एकेडमिक्स नंदिनी शुक्ला, प्रिंसिपल रीना बनर्जी, वाइस प्रिंसिपल ए.एल. अब्राहम, हेडमिस्ट्रेस सुजाता सिंह और रजिस्ट्रार वृंदा सुरेश के मार्गदर्शन में किया गया।
इस दौरान गाइड कैप्टन शिक्षिका सुधा वर्मा और तुलिका मल्होत्रा के साथ पर्यावरण क्लब की प्रभारी शिक्षिका शीला सुधाकर और दीप्ति चक्रवर्ती भी मौजूद रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता के महत्व से अवगत कराते हुए त्योहारों को समाज के सभी वर्गों के साथ मिलकर मनाने का संदेश दिया।
इस पहल के माध्यम से स्कूल ने यह संदेश दिया कि दिवाली का वास्तविक अर्थ केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजाला लाना भी इसका अभिन्न हिस्सा है। ‘मुस्कान सेतु’ के तहत आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, मानवीय संवेदना और सामुदायिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में स्कूल का एक सराहनीय प्रयास रहा।

