Breaking
Sat. Nov 7th, 2026

*मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर उपायुक्त ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, घर-घर जाकर जुटाए जा रहे प्रपत्र-6* *244 स्कूलों और कॉलेजों में मतदाता जागरूकता प्रतियोगिताएं आयोजित, 21 नवंबर तक आवेदनों की होगी सुपर चेकिंग*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के सफल संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त ने जिले में मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए चल रही गतिविधियों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए जिले के 244 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ELC 2.0 के तहत क्विज और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं। वहीं, AAWAZ JHARKHAND 2026 के तहत भाषण प्रतियोगिता कराई जा रही है, जिसकी अंतिम तिथि 10 नवंबर निर्धारित है। इसके अलावा आवासीय विद्यालयों में रक्तदान शिविर, मॉडल मॉकपोल, रंगोली और पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ELC 2.0 टूर्नामेंट 6 से 18 नवंबर तक चलेगा।

उपायुक्त ने बताया कि Home-to-Roll Verification के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर योग्य मतदाताओं से प्रपत्र-6 जमा करा रहे हैं। इसका उद्देश्य 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना है। इसके लिए नजदीकी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में तीन दिवसीय विशेष कैंप भी लगाए गए हैं, ताकि लोग आसानी से आवेदन कर सकें।

प्राप्त आवेदनों की जांच के लिए 1 से 21 नवंबर तक Super Checking की जाएगी। इसके तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार कुल 50 प्रपत्रों की जांच करेंगे। इनमें नाम जोड़ने के 20, नाम हटाने के 20 और संशोधन के 10 प्रपत्र शामिल हैं। वहीं, मतदाता सूची प्रेक्षक कुल 250 प्रपत्रों की जांच करेंगे। इनमें नाम जोड़ने के 100, नाम हटाने के 100 और संशोधन के 50 प्रपत्र शामिल हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपायुक्त ने बताया कि जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत निर्धारित गतिविधियां समयबद्ध तरीके से संचालित की जा रही हैं। इसका मुख्य उद्देश्य किसी भी योग्य नागरिक को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहने देना है। उन्होंने आम नागरिकों, युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों से मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

Related Post

You Missed