Breaking
Sun. Jul 26th, 2026

कैट प्रतिनिधिमंडल ने एफसीआई के सीएमडी रवींद्र अग्रवाल का किया स्वागत, खाद्यान्न भंडारण पर हुई चर्चा

जमशेदपुर: भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के चेयरमैन सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) रवींद्र कुमार अग्रवाल, आईएएस के जमशेदपुर प्रवास के दौरान कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव सुरेश सोंथालिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बिष्टुपुर स्थित बिंदल मॉल में उनसे शिष्टाचार मुलाकात की।

इस दौरान सुरेश सोंथालिया ने रवींद्र अग्रवाल का अभिनंदन किया। प्रतिनिधिमंडल में भरत वसानी, किशोर गोलछा, दिलीप गोयल और कमल अग्रवाल भी शामिल थे। रवींद्र अग्रवाल वर्ष 2008 से 2010 तक पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त रह चुके हैं। मुलाकात के दौरान उन्होंने सभी से आत्मीयता के साथ बातचीत की और अपने जमशेदपुर कार्यकाल की पुरानी यादें साझा कीं।

बातचीत के दौरान रवींद्र अग्रवाल ने कहा कि खाद्यान्न उत्पादन के मामले में झारखंड अभी भी घाटे वाला राज्य है। राज्य में प्रतिवर्ष लगभग 29 से 30 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न की खपत होती है, जबकि राज्य सरकार किसानों से केवल तीन से चार लाख मीट्रिक टन धान की खरीद कर पाती है। उन्होंने यह भी कहा कि साइलो प्रोजेक्ट के तहत आधुनिक अनाज भंडारण व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार अपेक्षित रुचि नहीं दिखा रही है, जिसके कारण आज भी अधिकांश गोदाम पारंपरिक व्यवस्था के तहत संचालित हो रहे हैं।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश राइस मिल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कमल अग्रवाल ने भी रवींद्र अग्रवाल से मुलाकात कर उन्हें छत्तीसगढ़ आने का आमंत्रण दिया।

Related Post