चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में एक आवारा कुत्ते से जुड़ा मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर जहां कुत्ते के हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, वहीं दूसरी ओर महिला के बेटे द्वारा कुत्ते की पिटाई किए जाने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। खास बात यह है कि इस मामले में शिकायत स्थानीय स्तर पर नहीं, बल्कि हरियाणा के गुरुग्राम से की गई है।
जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के एसपीजी मिशन कंपाउंड के समीप 5 जून 2026 को ममता देवी नामक महिला पर एक आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुत्ते ने महिला को शरीर के विभिन्न हिस्सों में कई बार काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। चिकित्सकों ने उन्हें एंटी-रेबीज वैक्सीन और अन्य आवश्यक दवाएं दीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित कुत्ता पिछले कुछ समय से काफी आक्रामक व्यवहार कर रहा था और इससे पहले भी क्षेत्र के कई लोगों को काट चुका था। कुत्ते के लगातार हमलों से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था और लोग बच्चों तथा बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंतित थे।
बताया जाता है कि अपनी मां पर हुए हमले से आक्रोशित ममता देवी के बेटे ने कुत्ते को पकड़कर लाठी से पीट दिया। घटना का एक वीडियो भी किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला व्यापक रूप से चर्चा में आ गया। वीडियो वायरल होने के बाद पशु अधिकारों से जुड़े लोगों ने इस पर आपत्ति जताई।
इसी क्रम में गुरुग्राम निवासी पशु प्रेमी और पशु कल्याण कार्यकर्ता एकता जैन ने चाईबासा सदर थाना में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि कुत्ते के साथ क्रूरता की गई और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने बेजुबान जानवरों के संरक्षण और उनके साथ मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग भी की है।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना की पृष्ठभूमि को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। उनका तर्क है कि महिला पर हुए हमले और इलाके में लगातार हो रही कुत्तों की काटने की घटनाओं के कारण लोगों में भय और आक्रोश था। कई लोगों ने नगर निकाय और संबंधित विभागों से आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर ठोस कदम उठाने की मांग की है।
सदर थाना पुलिस ने ऑनलाइन प्राप्त शिकायत की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो, शिकायत और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर, इस घटना ने एक बार फिर आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या, लोगों की सुरक्षा और पशु संरक्षण के बीच संतुलन बनाने के मुद्दे को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

