Breaking
Mon. Jun 15th, 2026

सिदगोड़ा में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

जमशेदपुर। शहर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सोमवार देर शाम सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित सूर्य मंदिर के समीप पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक के पास से पिस्तौल भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेल्को थाना क्षेत्र के घड़ी पार्क के पास सोमवार दोपहर एक महिला से चेन छिनतई की घटना हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि छिनतई की वारदात में शामिल बदमाश सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर के आसपास मौजूद हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम इलाके में पहुंची और संदिग्धों की घेराबंदी शुरू की। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगे। इसी दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला। कुछ देर तक चली इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया।

घटना के बाद सिदगोड़ा, टेल्को, बिष्टुपुर समेत आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरफ्तार आरोपी किसी संगठित अपराध गिरोह से जुड़े हैं या नहीं तथा उनके खिलाफ पूर्व में कौन-कौन से मामले दर्ज हैं।

सूत्रों के अनुसार, बरामद पिस्तौल की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार का इस्तेमाल पूर्व की किसी आपराधिक घटना में तो नहीं हुआ है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस अधिकारियों की ओर से मुठभेड़ और गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। माना जा रहा है कि विस्तृत जांच के बाद पुलिस पूरे मामले का खुलासा करेगी। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।

Related Post