Breaking
Sun. Nov 8th, 2026

रेलवे ओवरब्रिज के पास अज्ञात व्यक्ति का अर्धनग्न शव मिलने से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र के गरीब नवाज कॉलोनी के समीप स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने एक अज्ञात व्यक्ति का अर्धनग्न शव पड़ा देखा। शव मिलने की खबर आसपास के इलाके में तेजी से फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना तत्काल जुगसलाई थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। मृतक की उम्र लगभग 35 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस मौत के कारणों को लेकर विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ-साथ यह पता लगाने का प्रयास किया कि मृतक स्थानीय निवासी था या बाहर का रहने वाला। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि व्यक्ति वहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Post