कोडरमा। जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 8 के कृष्णापुरी मुहल्ला स्थित राजू यादव के घर में बीती रात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। मामले की जानकारी देते हुए गृह स्वामी राजू यादव ने बताया कि बीती रात वे लोग खाना खाकर मुख्य दरवाजे में ताला जड़कर पूरे परिवार के साथ छत पर सोने चले गए थे। सुबह उठने के पश्चात जब वह लोग नीचे आए तो देखा कि घर के अंदर के एक कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। उसे कमरे में पूजा के लिए बने स्थल पर रखे कांसा और पीतल के सारे सामान गायब थे। उन्होंने गहनता से जांच की तो पाया कि कमरे के अंदर में पैसों से भरा बैग भी गायब था। उन्होंने बताया कि उस बैग में 40 हजार रुपए नगद रखे हुए थे। इसके पश्चात जब वे मुख्य दरवाजा खोलकर बाहर आए तो देखा कि उनका बाइक भी घर के बाहर से चोरी हो चुका था। इसके पश्चात उन्होंने घटना की जानकारी तिलैया पुलिस को दी। इसके पश्चात पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। इधर गृह स्वामी ने बताया कि चूंकि मुख्य दरवाजे में ताला जड़ा हुआ था, ऐसे में यह प्रतीत होता है कि चोर घर के पिछले हिस्से की खिड़की के सहारे छत पर चढ़कर घर में प्रवेश कर गया और चोरी की घटना को अंजाम दिया। बताते चलें कि उक्त घर रेलवे लाइन से सटा हुआ है और काफी सुनसान जगह पर है। हालांकि पुलिस आसपास के क्षेत्र में छापेमारी कर रही है ताकि चोर का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।

