जमशेदपुर। टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (टीएसएएफ) रोइंग अकादमी के खिलाड़ियों ने कोलकाता में आयोजित लेक स्कूल रोइंग रेगाटा 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक अपने नाम किए। 25 से 30 मई तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अकादमी के युवा रोवर्स ने इंडोर और आउटडोर दोनों स्पर्धाओं में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के इंडोर रोइंग (एर्गो) मुकाबलों में जूनियर गर्ल्स वर्ग की खिलाड़ी श्रेया कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं सीनियर बॉयज वर्ग में सुकलाल टुडू ने कांस्य पदक हासिल कर अकादमी के पदक खाते में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
आउटडोर स्पर्धाओं में भी टीएसएएफ के खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा। सीनियर बॉयज डबल स्कल प्रतियोगिता में सुकलाल टुडू और प्रदीप कुमार महतो की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल और कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। जूनियर गर्ल्स डबल स्कल स्पर्धा में श्रेया कुमारी और स्वेता ने रजत पदक जीतकर अपनी क्षमता का परिचय दिया। वहीं जूनियर गर्ल्स कॉक्सलेस फोर टीम की सदस्य मिमांसा, चित्रा, अव्या और मुस्कान ने कांस्य पदक हासिल कर अकादमी को एक और सफलता दिलाई।
इस प्रतियोगिता में टीएसएएफ रोइंग अकादमी को कुल पांच पदक प्राप्त हुए, जिनमें इंडोर स्पर्धा में एक स्वर्ण और एक कांस्य तथा आउटडोर स्पर्धा में एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने न केवल अकादमी बल्कि जमशेदपुर और झारखंड का भी गौरव बढ़ाया है।
टीएसएएफ रोइंग अकादमी के अधिकारियों ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कोचिंग स्टाफ, सहयोगी कर्मियों तथा खेल विकास साझेदार जेसीएपीसीपीएल (JCAPCPL) की भूमिका की भी सराहना की। अकादमी ने भरोसा जताया कि भविष्य में भी श्रेया कुमारी, सुकलाल टुडू, प्रदीप कुमार महतो, स्वेता, मिमांसा, चित्रा, अव्या और मुस्कान जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

