Breaking
Sat. May 30th, 2026

साकची के होटल में कार्यरत रसोइये की संदिग्ध मौत, बाथरूम में मिला शव

जमशेदपुर। साकची स्थित अशोका होटल में कार्यरत एक रसोइये की शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बक्शीपाड़ा निवासी 36 वर्षीय अप्पू प्रमाणिक के रूप में की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार अप्पू प्रमाणिक पिछले कुछ समय से अशोका होटल में बतौर कुक कार्यरत था और वहीं रहकर काम करता था। शनिवार सुबह जब होटल के अन्य कर्मचारियों ने उसे काफी देर तक नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान वह होटल के बाथरूम में अचेत अवस्था में पड़ा मिला। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना होटल प्रबंधन को दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि अप्पू प्रमाणिक पिछले कुछ समय से पीलिया से पीड़ित था और उसका इलाज भी चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि बीमारी के कारण उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई हो, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद होटल कर्मियों और परिचितों में शोक का माहौल है।

Related Post