Breaking
Sat. May 30th, 2026

नशे के सौदागरों पर सिमरिया पुलिस का शिकंजा

नशे के सौदागरों पर सिमरिया पुलिस का शिकंजा

करीब छह लाख की अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार.

चतरा : जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिमरिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब छह लाख रुपये मूल्य की 1 किलो 113 ग्राम अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय, सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बगरा-लावालौंग रोड स्थित गोठाई गांव के समीप जंगल में कुछ लोग अवैध रूप से अफीम की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही उनके नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम जैसे ही गोठाई गांव के पास जंगल में पहुंची, पुलिस वाहन को देखकर वहां मौजूद लोग भागने लगे। तत्परता दिखाते हुए सशस्त्र बल के जवानों ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक व्यक्ति जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू गंझु एवं रामदेव गंझू के रूप में हुई है। दोनों आरोपी लावालौंग थाना क्षेत्र के जलमा गांव के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि वे अफीम की बिक्री के लिए वहां पहुंचे थे। वहीं फरार आरोपी की पहचान सरफराज खान के रूप में हुई है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 किलो 113 ग्राम अफीम तथा तस्करी में प्रयुक्त विभिन्न कंपनियों के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस संबंध में सिमरिया थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब ने कहा कि चतरा पुलिस नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अफीम और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे लोग या तो अवैध धंधा छोड़ दें या फिर जेल जाने के लिए तैयार रहें। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना को पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें। अभियान में सिमरिया सीओ गौरव व थाना प्रभारी सूर्यप्रताप समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Post