Breaking
Thu. May 28th, 2026

“आई टी पी ए संदेश” स्मारिका का भव्य विमोचन, निजी शिक्षकों की भूमिका को बताया शिक्षा की मजबूत नींव

जमशेदपुर: मानगो स्थित डिमना रोड के समीप सक्सेस क्लासेस में निजी शिक्षकों के संगठन द्वारा आयोजित एक गरिमामय समारोह में संगठन की स्मारिका “आई टी पी ए संदेश” का विधिवत विमोचन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिमी सिंहभूम के विधायक माननीय सरयू राय उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेविका पूर्वी घोष, विधायक प्रतिनिधि पवन कुमार सिंह तथा सम्मानित अतिथि सुशील कुमार पाण्डेय शामिल हुए। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. परमानंद मोदी ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र, माला एवं रामचरितमानस भेंट कर स्वागत किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि सरयू राय द्वारा संगठन की स्मारिका “आई टी पी ए संदेश” का विमोचन किया गया।

अपने संबोधन में सरयू राय ने निजी शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद निजी शिक्षक समाज के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव तैयार करने में निजी शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रंजीत श्रीवास्तव ने कहा कि “आई टी पी ए संदेश” केवल एक स्मारिका नहीं, बल्कि निजी शिक्षकों की समस्याओं, उपलब्धियों, विचारों और संगठन की गतिविधियों का दर्पण है। उन्होंने निजी शिक्षकों की पहचान, सम्मान एवं अधिकारों के लिए संगठित होने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में जिला संयोजक डी.एस. ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

समारोह में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. परमानंद मोदी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रंजीत श्रीवास्तव, राष्ट्रीय सचिव आर.बी. निराला, अशोक प्रसाद, नीरज वैद्य, डी.एस. ठाकुर, रोहित कुमार, अखिलेश कुमार, डॉ. मनीष, नित्यानंद उपाध्याय, धर्मेंद्र मिश्रा सहित अनेक शिक्षक उपस्थित थे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्सेस क्लासेस के संचालक सुमित कुमार मिश्रा का विशेष योगदान रहा।

Related Post