Breaking
Sun. May 3rd, 2026

बहरागोड़ा में 407 वाहन टैंकर से टकराया – चालक व सहचालक गंभीर रूप से घायल 

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक 407 मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर सामने चल रहे अज्ञात टैंकर से जा टकराया। यह दुर्घटना कालियाडिंगा फ्लाईओवर के समीप हुई, जहां टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक तथा सहचालक केबिन में ही फंस गए।

मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के कोलकाता से कोरियर का सामान लेकर टाटानगर की ओर जा रही 407 मालवाहक गाड़ी (संख्या WB19K1067) सुबह करीब अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान फ्लाईओवर के पास आगे चल रहे एक अज्ञात टैंकर ने अचानक ब्रेक लगा दिया। अचानक ब्रेक लगने से पीछे चल रही 407 गाड़ी का चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे टैंकर के पीछे जा भिड़ा।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक संजय राम और सहचालक जितेंद्र झा केबिन में बुरी तरह फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बहरागोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को केबिन से बाहर निकाला गया। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर तैनात एंबुलेंस की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहरागोड़ा पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया।

घटना के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बहाल कराया। बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर कुशवाहा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Related Post