Breaking
Tue. May 26th, 2026

कदमा में स्कूटी सवार बदमाशों ने महिला से छीनी सोने की चेन, CCTV में कैद वारदात

जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। अनिल सूर पथ पर स्कूटी सवार दो बदमाशों ने अनीता चौधरी नामक महिला को निशाना बनाते हुए उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस हरकत में आई और रविवार को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं, जिसमें दोनों बदमाशों की गतिविधियां साफ तौर पर नजर आ रही हैं। फुटेज के अनुसार, बदमाश पहले इलाके में घूमकर स्थिति का जायजा लेते हैं। इसके बाद वे एक गली की ओर मुड़ते हैं और फिर अचानक वापस लौटकर महिला का पीछा शुरू कर देते हैं। स्कूटी पर सवार दोनों युवक बीच रास्ते में अपनी जगह भी बदलते हैं, जिससे उनकी पहचान छिपाई जा सके।

कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद पीछे बैठे बदमाश ने मौका पाते ही महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों तेज रफ्तार में फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद महिला ने आगे चल रहे अपने पति जेपी चौधरी को इसकी जानकारी दी। उन्होंने तुरंत बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन स्कूटी सवार आरोपी तेजी से निकल भागने में सफल रहे।

कदमा थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही बदमाशों को पकड़ लेने का दावा किया गया है।

Related Post