Breaking
Wed. Apr 22nd, 2026

नामकुम स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, बिहार ले जाई जा रही शराब की खेप जब्त

रांची। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रांची ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नामकुम रेलवे स्टेशन से एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष सतर्कता अभियान के तहत की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, RPF पोस्ट रांची और फ्लाइंग टीम के जवान स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक काले रंग के पिट्ठू बैग और सफेद झोले के साथ प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। उसके हाव-भाव और गतिविधियों पर संदेह होने पर टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।

पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान इंद्रजीत पासवान (26 वर्ष) के रूप में बताई, जो बिहार के गया जिले का निवासी है। जब उसके सामान की तलाशी ली गई तो बैग और झोले से कुल 24 बोतल अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 28,800 रुपये बताई गई है।

प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शराब को रांची के कोकर इलाके से खरीदकर ट्रेन संख्या 18624 एक्सप्रेस के माध्यम से बिहार ले जा रहा था, जहां उसे ऊंचे दाम पर बेचने की योजना थी। RPF ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शराब की खेप जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे एएसआई अनिल कुमार ने बरामद सामग्री को जब्त कर लिया और आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए आबकारी विभाग, रांची के सुपुर्द कर दिया। इस पूरे ऑपरेशन में आईपीएफ शिशुपाल कुमार, एसआई सूरज पांडेय सहित RPF के अन्य जवान—निर्मल तिर्की, डी. प्रसाद, आर.के. सिंह और हेमंत की सक्रिय भूमिका रही।

RPF अधिकारियों ने बताया कि रेलवे के माध्यम से अवैध शराब और अन्य प्रतिबंधित सामान की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे ताकि रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Related Post