Breaking
Wed. Apr 22nd, 2026

कार्यस्थल के गोदाम में फांसी लगाकर ठेका कर्मी ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के नॉर्दन टाउन स्थित टाटा स्टील यूआईएसएल के पब्लिक हेल्थ सेंटर में बुधवार सुबह एक ठेका कर्मी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मेघा मुखी के रूप में हुई है, जो केंद्र में फॉगिंग मशीन चलाने का काम करता था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और सहकर्मियों में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेघा मुखी रोज की तरह बुधवार सुबह घर से ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकला था। करीब 11 बजे वह अपने कार्यस्थल पर पहुंचा, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका शव हेल्थ सेंटर के गोदाम में फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी उस समय हुई जब अन्य कर्मचारी वहां पहुंचे और उसे इस हालत में देखा। इसके बाद तत्काल शोर मचाया गया और स्थानीय लोगों के साथ पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटनास्थल से किसी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं होने की भी बात सामने आ रही है, जिससे आत्महत्या के कारणों पर रहस्य बना हुआ है।

मृतक के परिजनों के अनुसार, वह सुबह सामान्य स्थिति में घर से निकला था और किसी प्रकार की परेशानी की जानकारी परिवार को नहीं थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Related Post